Top News

रेलवे की परीक्षा देकर लौट रहे दंपत्ति को तेज़ रफ्तार ट्रक ने मारी ठोकर, महिला आई पिछली चक्के की चपेट में.

दुर्ग - जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक खुशहाल परिवार की जिंदगी को पलभर में मातम में बदल दिया। रेलवे परीक्षा देकर घर लौट रहा एक परिवार तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।

मिली जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार भिलाई निवासी 30 वर्षीय एन भारती अपने पति और 4 साल के बेटे के साथ रायपुर रेलवे परीक्षा देने गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद तीनों देर शाम बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। इस दौरान महिला ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति और मासूम बेटे को चोटें आई हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक चालक की लापरवाही साफ नजर आ रही है। तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह   दर्दनाक हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। महिला के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया। वहीं CCTV फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

और नया पुराने