महासमुंद - मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत गरियाबंद के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिसमें प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव, जिला कांग्रेसाध्यक्ष गरियाबंद सुखचंद बेसरा, संजय नेताम आदि माैजूद रहे। नेताओं ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर मनरेगा कानून की मूल भावना को समाप्त करने का आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के तहत 100 दिन के काम की गारंटी वाले नियम को खत्म कर दिया है। इसके बजाय, अब केवल चुने हुए गांवों में ही काम देने और सहायक (मेट) को बीच में रखकर काम कराने का नियम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों पर मजदूरी का 40 प्रतिशत हिस्सा देने का नियम बनाकर ग्रामीण मजदूरों के अधिकार को छिना जा रहा है। गरीब राज्य पैसा नहीं दे पाएंगे इसलिए काम बंद हो जाएगा। नए कानून के तहत 125 दिन काम देने की बात केवल जुमला है। पिछले 11 सालों में कभी 125 दिन काम नहीं मिला। आैसतन 35 से 40 दिन ही ग्रामीणों को काम मिला है।
पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने न्यूनतम मजदूरी, काम के अधिकार को संवैधानिक दर्जा बहाल करने और मनरेगा कानून की पुरानी गारंटियों को फिर से लागू करने की बात दाेहराई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम मनरेगा को सरकार खत्म करना चाहती है। महात्मा गांधी के प्रति गोड़सेवादी सोच के चलते समस्त याेजनाओं से गांधी जी का नाम हटाया जा रहा है। पहले मनरेगा में हर ग्रामीण को 100 दिन काम पाने का कानूनी अधिकार था। काम मांगने पर 15 दिन के भीतर काम देना जरूरी था। काम ग्राम पंचायत तय करती थी। मजदूरी का 100 प्रतिशत पैसा केंद्र सरकार देती थी। लेकिन, अब 40 प्रतिशत खर्च राज्य को वहन करना पड़ेगा। काम मोदी सरकार की मर्जी से मिलेगा। हर गांव में काम नहीं मिलेगा। सरकार द्वारा चुने गए गाँवों में काम होगा। पंचायतों द्वारा काम मांगने पर मोदी सरकार की मर्जी अनुरूप काम मिलेगा। मनरेगा में ठेकेदारों की एंट्री होगी। मेट आैर रोजगार सहायकों की भूमिका खत्म हो जाएगी।
विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि मनरेगा काम करने का सही अधिकार था। उसे अब एक एडमिनिस्ट्रेटिव मदद में बदला जा रहा है। जो पूरी तरह केंद्र की मर्जी पर निर्भर है। भाजपा भगवान राम के नाम पर एक बार फिर झूठ बोल रही है। वीबी जी राम जी में जो राम जी बता रहे हैं उसमें कहीं भी भगवान राम नहीं है। जिलाध्यक्ष सुखचंद बेहरा ने भी संबोधित किया। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दाऊ लाल चंद्राकर, पूर्व मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, युगल पांडे व गरियाबंद के वरिष्ठ कांग्रेस जन उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें